सनोरा-नेरीपुल-छैला सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर कांगो जुबड़ी में सनोरा-नेरीपुल-छैला सड़क संघर्ष समिति की अहम बैठक में क्षेत्र की 11 पंचायतों के जनप्रतिनिधियों और समिति के सदस्यों ने सड़क की जर्जर हालत,
पिछले वर्ष से पड़े स्लिप व मलबे तथा आगामी सेब एवं नकदी फसलों के सीजन के मद्देनज़र यातायात व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताई । साथ ही 5 अगस्त को पझौता दौरे पर आ रहे लोक निर्माण मंत्री का शलेच कैंची में स्वागत कर उन्हें सड़क की वास्तविक स्थिति से अवगत कराने और शीघ्र सुधार की मांग का निर्णय लिया गया ।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यह सड़क हजारों लोगों की जीवनरेखा होने के साथ किसानों और बागवानों की उपज मंडियों तक पहुंचाने का प्रमुख मार्ग है, लेकिन लंबे समय से इसकी हालत दयनीय बनी हुई है।
कई स्थानों पर पुराने स्लिप और मलबा अब भी सड़क पर पड़ा है, जिससे मार्ग संकरा और दुर्घटना संभावित हो गया है। संघर्ष समिति ने मांग की कि सेब सीजन को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर मलबा हटाकर क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत की जाए, ताकि आम लोगों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, मरीजों और बागवानों को सुरक्षित एवं निर्बाध यातायात सुविधा मिल सके।

