Reading: नालागढ़ में बद्दी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 400 किलो अफीम डोडे के साथ तस्कर गिरफ्तार

नालागढ़ में बद्दी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 400 किलो अफीम डोडे के साथ तस्कर गिरफ्तार

RamParkash Vats
2 Min Read

20 प्लास्टिक के बोरों में मिली भारी खेप, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज; नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

नालागढ़ (सोलन): बद्दी पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 400 किलो अफीम डोडे की भारी खेप बरामद की है। पुलिस थाना नालागढ़ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर वार्ड नंबर-9 स्थित सरकारी स्कूल के समीप एक महिंद्रा फोर व्हीलर (HP12K-6668) को रोककर उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान वाहन में रखे 20 प्लास्टिक के बोरों से कुल 400 किलो अफीम डोडे बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ और वाहन को कब्जे में लेकर चालक राकेश कुमार, पुत्र लक्ष्मी चंद, निवासी गांव मनलोग खुर्द, डाकघर चमदार, तहसील रामशहर, जिला सोलन को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।

डीएसपी बद्दी योगराज ने बताया कि बद्दी पुलिस अवैध नशा कारोबार के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति या गिरोह को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

400 किलो अफीम डोडे की बरामदगी को क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। इस कार्रवाई से स्पष्ट संकेत मिलता है कि पुलिस संगठित नशा तस्करी नेटवर्क पर लगातार शिकंजा कस रही है और प्रदेश में नशा मुक्त समाज के लक्ष्य की दिशा में सख्त अभियान जारी है।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!