जिला परिषद सदस्य हंसराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल है

श्री रेणुका जी (सिरमौर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण रविवार को विधानसभा क्षेत्र श्री रेणुका जी के नोहराधार वार्ड नंबर-1 में किया गया। कार्यक्रम के उपरांत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत चूड़धार सड़क के किनारे पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य हंसराज, मंडल अध्यक्ष भारत भूषण, पंचायत समिति संगड़ाह के उपाध्यक्ष दिनेश ठाकुर, बूथ अध्यक्ष विजेंद्र चौहान, शमशेर तथा ग्राम पंचायत नोहरा के पूर्व प्रधान राजेंद्र सहित अनेक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

जिला परिषद सदस्य हंसराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए। केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों का संरक्षण भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
पंचायत समिति संगड़ाह के उपाध्यक्ष दिनेश ठाकुर ने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट को देखते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से इस अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधों की देखभाल और हरित वातावरण के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प दोहराया। ‘मन की बात’ के संदेश और पौधारोपण अभियान के माध्यम से समाज में प्रकृति संरक्षण और जनभागीदारी का सकारात्मक संदेश दिया गया।

