नूरपुर के विकास कार्यों के लिए 14 करोड़ रुपये की स्वीकृति पर जताया आभार, प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा मांगपत्र
SHIMLA/NURPUR /FRIDAY/EDITOR RAM PARKASH VATS
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश प्रवक्ता सुदर्शन शर्मा के नेतृत्व में नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को शिमला सचिवालय में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने नूरपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं, अधूरे विकास कार्यों और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुना तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री द्वारा नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए 14 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने पर उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया। सदस्यों ने कहा कि यह राशि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुदर्शन शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार के सहयोग से नूरपुर विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और क्षेत्र की लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान भी तेजी से होगा।
प्रतिनिधिमंडल ने अंत में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का नूरपुर की जनता की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की सकारात्मक पहल से क्षेत्र के विकास को नई दिशा और नई गति मिलेगी।

