Reading: बिलासपुर पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, 13.39 ग्राम चिट्टा, इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद, दो गिरफ्तार

बिलासपुर पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, 13.39 ग्राम चिट्टा, इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद, दो गिरफ्तार

RamParkash Vats
2 Min Read

बिलासपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई

बिलासपुर/ NEWS INDIA AAJ TAK NEWS DESK: हिमाचल प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस लगातार तस्करों पर शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में पुलिस थाना कोट कैहलूर की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव जंडोरी के समीप एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 13.39 ग्राम चिट्टा (हेरोइन), नशा तौलने में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।

पुलिस की सतर्कता और प्रभावी कार्रवाई के चलते आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना कोट कैहलूर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

प्रारंभिक जांच के बाद अब पुलिस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद चिट्टा आरोपियों तक कहां से पहुंचा, इसकी आपूर्ति किसने की और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस Backward एवं Forward Linkages की गहन पड़ताल कर नशा तस्करी से जुड़े पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने में जुटी है।

बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी तस्कर को कानून के शिकंजे से बचने नहीं दिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में संलिप्त प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!