महमूदाबाद पुलिस ने चोरी के दो एंड्रॉयड मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक की बरामद, एक आरोपी पर दर्ज हैं 20 मुकदमे

महमूदाबाद, सीतापुर: महमूदाबाद पुलिस ने मोबाइल चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक रामपुर मथुरा थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ सीतापुर, लखनऊ और बाराबंकी के विभिन्न थानों में करीब 20 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 14 अक्टूबर को अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद कपूर कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र विक्रम सिंह की टीम ने दोनों आरोपियों को मोतीपुर बाईपास तिराहे के पास स्थित लीची के बाग से गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के भगौतीपुर निवासी कलाम उर्फ चपटा पुत्र छंगा और महाराजदीन पुत्र राजबहादुर के रूप में हुई है।
दो अलग-अलग स्थानों से चोरी हुए थे मोबाइल
पुलिस के मुताबिक, 30 जुलाई 2026 को सलाउद्दीनपुर निवासी सुमित का मोबाइल चतुराबेहड़ चौराहे से चोरी हुआ था। वहीं, 10 सितंबर 2026 को पैगम्बरपुर निवासी मोहम्मद रेहान शेख का मोबाइल शंकर इन के पास से चोरी हुआ था। दोनों मामलों में महमूदाबाद कोतवाली में मुकदमे दर्ज किए गए थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से दोनों मोबाइल बरामद कर घटनाओं का खुलासा किया।
हिस्ट्रीशीटर पर कई जिलों में मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कलाम उर्फ चपटा रामपुर मथुरा थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में सीतापुर, लखनऊ और बाराबंकी में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) और 317(4) की बढ़ोतरी की है। बरामद पल्सर मोटरसाइकिल संख्या UP 34 BZ 9118 को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए चालान किया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र विक्रम सिंह, उपनिरीक्षक बेचन यादव, हेड कांस्टेबल विशाल गुप्ता, कांस्टेबल चंद्रप्रकाश वर्मा, गौरव कुमार तथा रिक्रूट कांस्टेबल साजन, अभिषेक और ओपेन्द्र शामिल रहे।

