
महमूदाबाद, सीतापुर।राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन सदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लोनी शमसाबाद में हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से 14 वर्षीय बालक की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मंगलवार शाम परिजनों और ग्रामीणों ने महमूदाबाद-बिसवां मार्ग पर जाम लगाने का प्रयास किया। मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह ने सूझबूझ दिखाते हुए ग्रामीणों को सड़क से हटाकर वार्ता की और स्थिति को संभाला।
जानकारी के अनुसार, लोनी शमसाबाद निवासी पूरनमल का 14 वर्षीय पुत्र दिलीप कुमार गांव के पूरब खेत में धान की बालियां बीनने गया था। इसी दौरान वह खेत में पड़े हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने हादसे के लिए विद्युत विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई और मुआवजे की मांग की।
मंगलवार शाम करीब 100 महिला-पुरुष बिलौली बाजार चौराहे पर एकत्र होकर सड़क जाम करने पहुंचे। सूचना पर कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर आ रहे वाहन को सरैया चौराहे से दूसरे रास्ते की ओर मोड़ दिया, ताकि स्थिति और न बिगड़े।

इस दौरान पुलिस ने सड़क पर बैठने का प्रयास कर रहे ग्रामीणों को हटाकर शमसाबाद मोड़ के पास खाली स्थान पर पहुंचाया और वार्ता शुरू की। वार्ता के दौरान कुछ महिलाओं और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की और तीखी झड़प भी हुई। इसके बावजूद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखा।
करीब एक घंटे तक चली वार्ता के बाद प्रभावी कार्रवाई और उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन मिलने पर परिजन और ग्रामीण शांत हो गए तथा अपने घर लौट गए।

