Reading: उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक सम्पन्न

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक सम्पन्न

RamParkash Vats
3 Min Read

लो-वोल्टेज, कचरा प्रबंधन, सिंचाई, खेल छात्रावास और मानसून तैयारियों पर दिए अहम निर्देश

जिला सिरमौर के नाहन स्थित बचत भवन में गुरुवार को जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता हर्षवर्धन चौहान ने की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि ग्राम पंचायत वासनी, पाब और शांत सहित आसपास के गांवों में लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए 25 के.वी. क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा।उद्योग मंत्री ने कफोटा एवं शिलाई क्षेत्र में ठोस कचरा प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने माजरा स्थित स्पोर्ट्स हॉस्टल के रखरखाव एवं मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू करने को कहा।

उन्होंने विद्युत विभाग के राजगढ़ मंडल अंतर्गत धमांदर एवं शालीबाग क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति को अधिक सुदृढ़ एवं निर्बाध बनाने के निर्देश दिए। साथ ही धमांदर क्षेत्र की उठाऊ सिंचाई योजना के नियमित एवं प्रभावी संचालन पर भी विशेष बल दिया।बैठक के दौरान वन अधिकार अधिनियम से संबंधित मामलों सहित अन्य लंबित सामान्य प्रकरणों के त्वरित निपटारे के लिए आवश्यक समितियों के गठन के निर्देश भी दिए गए।

उद्योग मंत्री ने मानसून के मद्देनजर जिला प्रशासन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी प्राकृतिक आपदा अथवा नुकसान की स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को जन शिकायतों के प्रति गंभीर, संवेदनशील एवं जवाबदेह रवैया अपनाने तथा शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति के सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य आपसी समन्वय एवं सहयोग से कार्य करते हुए लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक के अंत में उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने उद्योग मंत्री का मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समन्वय बनाए रखते हुए जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।उपायुक्त ने मानसून के दौरान सभी विभागों को पूर्ण सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं हर समय तैयार रखने के निर्देश भी दिए।बैठक का संचालन अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एल.आर. वर्मा ने किया। इस अवसर पर समिति के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!