जन्म के समय लिंगानुपात बढ़कर 1018 पहुंचा, सिरमौर बना प्रदेश के अग्रणी जिलों में

संसदीय क्षेत्र शिमला से चीफ ब्यूरो: कपिल शर्मा

नाहन, 02 जुलाई 2026: जिला सिरमौर में मिशन शक्ति अंब्रेला एवं पोषण अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय नाहन के सभागार में जिला स्तरीय निगरानी एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।बठक में उपायुक्त ने कहा कि पोषण अभियान का मुख्य उद्देश्य जन्म से छह वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं तथा किशोरियों में कुपोषण एवं एनीमिया की दर को कम करना है। साथ ही बच्चों में कम वजन, बौनापन तथा महिलाओं एवं बच्चों में खून की कमी को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करना इस अभियान की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बच्चे के स्वस्थ मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए संतुलित पोषण अत्यंत आवश्यक है।
उपायुक्त ने बताया कि अभियान के तहत स्थानीय पौष्टिक भोजन, मोटे अनाज विशेषकर बाजरे तथा आहार विविधता को बढ़ावा दिया जा रहा है। गंभीर रूप से कुपोषित अथवा स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार न होने वाले बच्चों के लिए पुनर्वास केंद्रों में उपचार एवं देखभाल की व्यवस्था भी की गई है।उन्होंने बताया कि जिला सिरमौर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित 1,486 आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से 12,617 गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा 6 माह से 6 वर्ष आयु वर्ग के 2,635 बच्चों को पोषाहार एवं अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

उपायुक्त ने बताया कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। जन्म के समय लिंगानुपात गत वर्ष के 957 से बढ़कर इस वर्ष 1018 दर्ज किया गया है, जो प्रदेश एवं राष्ट्रीय औसत से बेहतर और उत्साहवर्धक उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि जिले में चालू वित्त वर्ष के दौरान 8 आंगनवाड़ी सह-क्रेच प्रारंभ किए जा चुके हैं तथा भविष्य में 57 नए क्रेच संचालित किए जाने का प्रस्ताव है।

उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के अंतर्गत वित्त वर्ष 2026-27 में सामाजिक सुरक्षा मद में 52.11 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से अब तक 119 पात्र लाभार्थियों को 14.26 लाख रुपये वितरित किए जा चुके हैं। वहीं इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के तहत 18 वर्ष तक के 1,891 पात्र लाभार्थियों को 57.70 लाख रुपये तथा 18 से 27 वर्ष आयु वर्ग के 11 लाभार्थियों को 2.26 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। बैठकमें जिला कार्यक्रम अधिकारी पवन कुमार ने विभिन्न योजनाओं एवं मदों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी (ग्रामीण विकास) अंजली गर्ग, जिला पंचायत अधिकारी विक्रम ठाकुर, जिले के सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

