डॉ अशोक वर्मा,शिक्षक एवं समाजसेवी आलोक वर्मा आजाद तथा डॉ. अखिलेश ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल वाहन रोककर घायल महिला की सहायता की।
महमूदाबाद, सीतापुर।राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन
बाराबंकी से वापस लौटते समय भगौली मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास मंदिर के सामने बने ऊंचे ब्रेकर पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान शमशाबाद निवासी रामनरेश वर्मा की पुत्री के रूप में हुई, जिनका विवाह फतेहपुर तहसील के खलीनगर क्षेत्र में हुआ है।

बताया जाता है कि महिला अपने मायके में आयोजित पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद मोटरसाइकिल से वापस अपने ससुराल जा रही थी। इसी दौरान ब्रेकर पर बाइक से गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
घटना के समय वहां से गुजर रहे डॉ अशोक वर्मा,शिक्षक एवं समाजसेवी आलोक वर्मा आजाद तथा डॉ. अखिलेश ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल वाहन रोककर घायल महिला की सहायता की। स्थानीय लोगों के सहयोग से महिला को अपनी गाड़ी से लाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।
महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर कर दिया, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल वहां लेकर रवाना हो गए।
इस अवसर पर समाजसेवी आलोक वर्मा आजाद ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि तमाशबीन बनने के बजाय घायलों को अस्पताल पहुंचाने या सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करना चाहिए। किसी व्यक्ति का जीवन बचाने से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं है।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रशासन द्वारा भी सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले लोगों को प्रोत्साहित किया जाता है और उनके हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने घायल महिला के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

