SANKETC PHOTO
हिमाचल से आई दवा खेप बनी निशाना, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
हापुड़/पिलखुवा, 20 जून 2026/रिपोर्ट : क्राइम डेस्क राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन
पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में दवाइयों से भरे ट्रक से लाखों रुपये की दवाइयों के 25 कार्टन चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में ट्रक का तिरपाल काटकर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद निवासी ट्रक चालक हिमाचल प्रदेश से दवाइयों की खेप लेकर खेड़ा धौलाना रोड स्थित एक कंपनी में माल पहुंचाने आया था। चालक रात करीब दो बजे ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर आराम करने चला गया।
सुबह जब चालक ट्रक के पास पहुंचा तो उसके होश उड़ गए। ट्रक का तिरपाल कटा हुआ था और उसमें रखे दवाइयों के 25 कार्टन गायब मिले। चालक ने तत्काल डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया।सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना किया। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हुई सुनियोजित चोरी का प्रतीत हो रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा क्षेत्र में सक्रिय संदिग्ध तत्वों की गतिविधियों की जांच कर रही है।इस घटना से औद्योगिक क्षेत्र में खड़े मालवाहक वाहनों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग गया है। स्थानीय व्यापारियों और ट्रांसपोर्ट कारोबारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग उठाई है।
क्या बोले पुलिस अधिकारी?
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अतुल चौहान ने बताया कि ट्रक से दवाइयों के कार्टन चोरी होने की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
क्राइम फोकस: औद्योगिक क्षेत्रों में खड़े मालवाहक वाहनों पर चोर गिरोहों की नजरें लगातार बनी हुई हैं। ऐसे में सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

