संगड़ाह,सिरमौर/ 19 जून 2026 19:06:2026, जिला चीफ़ ब्यूरो कपिल शर्मा
पूर्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव एवं विकास खंड संगड़ाह की भवाई पंचायत के पूर्व प्रधान बृजराज ठाकुर की पुत्री के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 20 जून को उपमंडल संगड़ाह के गांव टुटवी पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं।

उपलब्ध कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11:45 बजे हरिपुरधार हेलिपैड पर उतरेंगे तथा दोपहर 12:15 बजे से 1:00 बजे तक टुटवी गांव में आयोजित विवाह समारोह में उपस्थित रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री स्थानीय लोगों की जन समस्याएं भी सुनेंगे।मुख्यमंत्री के इस दौरे से क्षेत्रवासियों में लंबे समय से बंद पड़े विभिन्न सरकारी संस्थानों के दोबारा शुरू होने की उम्मीद जगी है। लोगों को विशेष रूप से संगड़ाह में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता एवं सहायक अभियंता कार्यालय तथा हरिपुरधार सिविल अस्पताल की सेवाएं पुनः बहाल होने की आशा है।

राजनीतिक गलियारों में भी मुख्यमंत्री के इस प्रवास को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के विधानसभा क्षेत्र रेणुका जी में बृजराज ठाकुर को वर्तमान सरकार में प्रभावशाली कांग्रेस नेताओं में गिना जाता है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के बाद क्षेत्र में दोबारा राजनीतिक गतिविधियां तेज होने और नए शक्ति केंद्र उभरने की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहने के दौरान बृजराज ठाकुर को संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंप चुके हैं। वर्तमान में बृजराज ठाकुर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण समिति तथा कृषि एवं ग्रामीण बैंक के निदेशक मंडल के सदस्य भी हैं।मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक उपायुक्त सिरमौर की ओर से कोई आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं की गई थी। एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने बताया कि हरिपुरधार हेलिपैड का निरीक्षण भी किया जाएगा।उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अब तक अंतरराष्ट्रीय मेला रेणुका जी के उद्घाटन अवसर पर ही इस क्षेत्र का दौरा कर चुके हैं।

