Reading: वरिष्ठ अधिवक्ता यशपाल चौहान का 71 वर्ष की आयु में निधन

वरिष्ठ अधिवक्ता यशपाल चौहान का 71 वर्ष की आयु में निधन

RamParkash Vats
2 Min Read

नौहराधार सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर, शुक्रवार को पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार


सिरमौर / नौहराधार | कपिल शर्मा:नौहराधार के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के सदस्य यशपाल चौहान का 71 वर्ष की आयु में निधन हो गया। पिछले करीब दो माह से अस्वस्थ चल रहे यशपाल चौहान की वीरवार सुबह अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए शिमला ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही नौहराधार सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
यशपाल चौहान लंबे समय से राजगढ़ में वकालत के क्षेत्र से जुड़े रहे और वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे यशपाल चौहान ने कॉलेज के समय से ही अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। बाद में वह कांग्रेस संगठन से जुड़े और पार्टी में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य बने।
वकालत और राजनीति के साथ-साथ यशपाल चौहान सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाते थे। वह अपने गांव के मंदिर में मुखिया की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। सामाजिक स्तर पर भी वह लोगों के साथ निरंतर जुड़े रहते थे। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों के साथ उनके लंबे जुड़ाव के कारण क्षेत्र में उनकी अपनी विशिष्ट पहचान थी।
यशपाल चौहान अपने पीछे दो बेटों और दो बेटियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन पर क्षेत्रवासियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!