न्यूज इंडिया आजतक नूरपुर, 19 जून 2026/स्टेट ब्यूरो चीफ विजय समयाल
प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी “एंटी चिट्टा एंड ड्रग फ्री हिमाचल” अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से नगर परिषद नूरपुर की एंटी ड्रग कमेटी की बैठक आज पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में एसडीएम नूरपुर, एसडीपीओ, थाना प्रभारी नूरपुर तथा नगर परिषद के नव-निर्वाचित पार्षद उपस्थित रहे। इस दौरान स्कूलों और महाविद्यालयों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने तथा नशे के खिलाफ सामुदायिक समन्वय को मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई

बैठक में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नूरपुर को नशा मुक्त बनाने तथा चिट्टा एवं अन्य मादक पदार्थों के बढ़ते प्रचलन को जड़ से समाप्त करने के लिए इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने का संकल्प लिया।
पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान संभव है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता, सतर्कता और सामूहिक प्रयासों पर विशेष बल दिया।

