महमूदाबाद/रामपुर मथुरा (सीतापुर)। प्रदेश राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन
थाना रामपुर मथुरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत रामकुंडी के मजरा मनिकापुर टेड़वा में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आग से गंभीर रूप से झुलसी महिला ने इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनिकापुर टेड़वा निवासी संदीप शर्मा की पत्नी प्रिया का बुधवार रात करीब नौ बजे किसी बात को लेकर अपने पति से विवाद हो गया था। बताया जाता है कि विवाद के बाद संदीप घर से बाहर चला गया। इसी दौरान प्रिया ने घर में रखा डीजल अपने ऊपर छिड़ककर आग लगा ली।
महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान पति संदीप शर्मा का हाथ भी झुलस गया। गंभीर रूप से घायल प्रिया को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन उसे उपचार के लिए लखनऊ ले जा रहे थे, लेकिन बाराबंकी के पास रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतका का मायका बहराइच जनपद के थाना हरदी क्षेत्र के बैंकुंठा गांव में है। घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए उत्पीड़न करने का आरोप लगाया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल में जुटी हुई है।

