Sirmour/31/05/2026/DCB
विकास खंड संगड़ाह की ग्राम पंचायत देवामानल में शनिवार को हुए पंचायती राज चुनावों के परिणाम घोषित कर दिए गए। मतगणना पंचायत भवन देवामानल में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, जिसमें संगीता पुंडीर प्रधान पद पर 349 मतों से विजयी घोषित हुईं।
संगीता पुंडीर ने चुनाव प्रचार के दौरान “केवल एक वादा — आपसी भाईचारा और सामूहिक विकास” का नारा दिया था। उन्होंने “विकास सबका, सहयोग सबका, सम्मान सबका” को अपना संकल्प बताते हुए ग्रामीणों से समर्थन और आशीर्वाद मांगा था।
वहीं उपप्रधान पद पर भीम देव पुंडीर ने 262 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की।
इसके अलावा वार्ड नंबर 4 से वबीता विजय 99 मतों से वार्ड सदस्य निर्वाचित हुईं।
परिणाम घोषित होते ही पंचायत भवन के बाहर समर्थकों ने जोरदार जश्न मनाया। विजयी प्रत्याशियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और समर्थकों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की।
जीत के बाद संगीता पुंडीर ने कहा कि यह जीत देवामानल की जनता के विश्वास और आशीर्वाद की जीत है। उन्होंने कहा कि पंचायत में आपसी भाईचारे को मजबूत करते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, महिला सशक्तिकरण और पारदर्शी पंचायत व्यवस्था उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं रहेंगी।
उपप्रधान निर्वाचित भीम देव पुंडीर ने कहा कि पंचायत के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी टीम मिलकर कार्य करेगी और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
संगड़ाह विकास खंड की सभी पंचायतों में मतगणना शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। देवामानल में महिला प्रधान चुने जाने और नई पंचायत टीम के गठन पर ग्रामीणों में उत्साह और खुशी का माहौल है।

