सिरमौर 30/05/2025/राज्य चीफ ब्यूरो
विकास खंड संगड़ाह की ग्राम पंचायत देवामानल में शनिवार को संपन्न हुए पंचायती राज चुनावों के परिणाम घोषित कर दिए गए। पंचायत भवन देवामानल में शांतिपूर्ण वातावरण में हुई मतगणना के बाद संगीता पुंडीर प्रधान पद पर 349 मतों से विजयी घोषित हुईं, जबकि भीम देव पुंडीर ने उपप्रधान पद पर 262 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की।
इसके अलावा वार्ड नंबर-4 से वबीता ने 99 मतों से जीत हासिल कर वार्ड सदस्य पद पर विजय प्राप्त की।प्रधान पद पर विजयी संगीता पुंडीर ने चुनाव प्रचार के दौरान “केवल एक वादा — आपसी भाईचारा और सामूहिक विकास” का नारा दिया था। उन्होंने पंचायत में “विकास सबका, सहयोग सबका और सम्मान सबका” को अपना संकल्प बताते हुए ग्रामीणों से समर्थन मांगा था,
जिसे जनता का भरपूर आशीर्वाद मिला।परिणाम घोषित होते ही पंचायत भवन परिसर में उत्साह का माहौल बन गया। समर्थकों ने विजयी प्रत्याशियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया तथा मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की।

जीत के बाद संगीता पुंडीर ने कहा कि यह जीत देवामानल की जनता के विश्वास और आशीर्वाद की जीत है। उन्होंने कहा कि पंचायत में आपसी भाईचारे को मजबूत करते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, महिला सशक्तिकरण और पारदर्शी पंचायत व्यवस्था उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं रहेंगी।उपप्रधान निर्वाचित भीम देव पुंडीर ने कहा कि पंचायत के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी टीम मिलकर कार्य करेगी और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।ग्राम पंचायत देवामानल में महिला प्रधान चुने जाने तथा नई पंचायत टीम के गठन पर ग्रामीणों में उत्साह और खुशी का माहौल है। नई टीम से पंचायत के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

