सिरमौर /News India Aaj Tak ?Office Reporter
राजगढ़/सिरमौर: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के राजगढ़ उपमंडल स्थित Eternal University एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गई है। कुछ माह पूर्व हॉस्टल मेस में कथित रूप से कीड़ों वाला भोजन परोसे जाने के मामले के बाद अब विश्वविद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा और निजता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।जानकारी के अनुसार, गर्ल्स हॉस्टल के शौचालय में एक सफाई कर्मी द्वारा कथित तौर पर छात्रा का वीडियो बनाए जाने की घटना सामने आई है। जैसे ही इस मामले की भनक छात्राओं को लगी, यूनिवर्सिटी परिसर में हड़कंप मच गया। छात्राओं ने घटना पर कड़ा रोष जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और परिसर में विरोध प्रदर्शन भी किया।
सूत्रों के मुताबिक, आरोप है कि सफाई कर्मी ने मोबाइल फोन के जरिए वीडियो रिकॉर्ड किया था। हालांकि आधिकारिक रूप से यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो किस परिस्थिति में बनाए गए और उनका किसी प्रकार से दुरुपयोग हुआ या नहीं। बताया जा रहा है कि आरोपी ने मोबाइल से वीडियो डिलीट कर दिए थे, लेकिन छात्राओं के बीच इस बात को लेकर चिंता बनी हुई है कि कहीं वीडियो डिलीट करने से पहले किसी अन्य माध्यम पर साझा तो नहीं किए गए।सूत्रों के अनुसार, मामले की जानकारी मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन ने आनन-फानन में बैठक बुलाई। बढ़ते विरोध और छात्राओं के प्रदर्शन के बाद शुक्रवार दोपहर करीब ढाई घंटे बाद पच्छाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। मामले में संबंधित मजदूरों के मोबाइल फोन जब्त किए जाने की भी सूचना है।
जानकारी यह भी सामने आई है कि झारखंड निवासी आरोपी कथित तौर पर मौके से फरार होने की कोशिश में था, लेकिन छात्राओं ने उसे पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा की जा रही है।घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल विश्वविद्यालय परिसर में छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहा है। उत्तर भारत की इकलौती गर्ल्स यूनिवर्सिटी होने का दावा करने वाले इस संस्थान में गर्ल्स हॉस्टल जैसे संवेदनशील क्षेत्र में बाहरी कर्मियों की तैनाती के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा प्रोटोकॉल क्यों नहीं अपनाए गए? सवाल यह भी उठ रहे हैं कि क्या मजदूरों के मोबाइल फोन पहले ही सुरक्षा कर्मियों के पास जमा करवाए जा सकते थे और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता था।
उधर, पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच जारी होने की पुष्टि की है। पुलिस अधीक्षक सिरमौर के अनुसार, टीम मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की तहकीकात कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

