अमृतसर के सानबीर कोहाली रहे उपविजेता, देशभर से पहुंचे पहलवानों ने दिखाया दमखम
सेवा निवृत्त IAS विकास लाबरू बोले — अब हर वर्ष 21 मई को आयोजित होगा धमेटा का ऐतिहासिक दंगल
मुख्य अतिथि विपिन पठानिया ने दंगल के लिए दिए 10 लाख रुपये
फतेहपुर | जिला कांगड़ा SCB Vijay Samyal
जिला कांगड़ा की विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर के कस्बा धमेटा में आयोजित विशाल दंगल मेले में देशभर से पहुंचे नामी पहलवानों ने अपने शानदार दांव-पेच से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दंगल का मुख्य मुकाबला महाराष्ट्र के पहलवान बालू बोटके ने जीतकर अपने नाम किया, जबकि अमृतसर के सानबीर कोहाली उपविजेता रहे।

इस ऐतिहासिक दंगल में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे पहलवानों ने अखाड़े में दमखम दिखाया।
दंगल मेले में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्र के उद्योगपति एवं समाजसेवी विपिन पठानिया ने शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने दंगल के सफल आयोजन के लिए 10 लाख रुपये दिए। उन्होंने कहा कि दंगल हमारी संस्कृति, भाईचारे और पारंपरिक खेलों की पहचान हैं तथा युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में ऐसे आयोजन अहम भूमिका निभाते हैं।विशेष अतिथि के रूप में पहुंचे सेवा निवृत्त IAS विकास लाबरू ने विजेता एवं उपविजेता पहलवानों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिस तरह एक पहलवान अखाड़े में संघर्ष कर जीत हासिल करता है, उसी तरह क्षेत्र के युवा उद्योगपति विपिन पठानिया ने भी छोटी उम्र में मेहनत और संघर्ष के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई है।

उन्होंने बताया कि पहले यह मेला 10 जून को आयोजित होता था, लेकिन अब यह हर वर्ष 21 मई को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धमेटा का यह दंगल अब क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है और यह आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का कार्य कर रहा है।
महादेव दंगल कमेटी के प्रधान अश्वनी राणा ने बताया कि यह दंगल केवल खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि क्षेत्र की संस्कृति और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गांव के बुजुर्गों के आशीर्वाद और युवाओं की मेहनत से यह आयोजन आज प्रदेश के बड़े दंगलों में अपनी पहचान बना चुका है।दंगल में पहुंचे गणमान्य अतिथियों का आयोजन समिति द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। वहीं भारी संख्या में पहुंचे खेल प्रेमियों और ग्रामीणों ने पहलवानों का उत्साह बढ़ाते हुए पूरे आयोजन का भरपूर आनंद लिया।

