Reading: नैमिष दर्शन से लौट रही श्रद्धालुओं की बस खाई में पलटी, बाइक सवार की मौत, कई घायल

नैमिष दर्शन से लौट रही श्रद्धालुओं की बस खाई में पलटी, बाइक सवार की मौत, कई घायल

RamParkash Vats
2 Min Read

नूरपुर, न्यूज इंडिया आजतक,राज्य चीफ ब्यूरो Anuj Kumar Jain


जनपद सीतापुर में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी एक प्राइवेट बस संदना थाना क्षेत्र के बरगदिया गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

VIDO
जानकारी के अनुसार प्राइवेट बस आंध्र प्रदेश से आए श्रद्धालुओं को लेकर नैमिष दर्शन के बाद लखनऊ की ओर लौट रही थी। इसी दौरान मिश्रिख रोड पर तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे खाई में पलट गई।
हादसे में बाइक सवार ओम प्रकाश पुत्र परमेश्वर (लगभग 50 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी जयदेवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। बस में सवार करीब 30 श्रद्धालुओं को भी चोटें आईं, जिनमें तीन यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह समेत कई थानों की पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। जेसीबी और क्रेन की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह ने बताया कि बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है जबकि कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!