Reading: बीडीओ की कार्यशैली के खिलाफ दिव्यांगों का कड़ा विरोध, चिलचिलाती धूप में जिला मुख्यालय के लिए किया पैदल कूच

बीडीओ की कार्यशैली के खिलाफ दिव्यांगों का कड़ा विरोध, चिलचिलाती धूप में जिला मुख्यालय के लिए किया पैदल कूच

RamParkash Vats
2 Min Read

खैराबाद, सीतापुर/21/05/2026/बिन्दू मौर्या

खैराबाद, सीतापुर विकास खंड खैराबाद में गुरुवार को उस समय माहौल गर्म हो गया जब अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे दिव्यांगजनों और बीडीओ के बीच विवाद गहरा गया। आत्मनिर्भर दिव्यांग एकता फाउंडेशन के प्रबंधक/सचिव बिन्दू मौर्या के नेतृत्व में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे थे। दिव्यांगजनों का आरोप है कि आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि द्वारा दस हजार रुपये लिए गए और अतिरिक्त धनराशि की मांग की गई।

जब दो महिलाओं ने इसकी शिकायत बीडीओ नीरज दुबे से करनी चाही तो उन्होंने शिकायत सुनने के बजाय नाराजगी जताई। आरोप है कि बीडीओ दिव्यांगों की बात अधूरी छोड़कर अपमानजनक व्यवहार करते हुए अपने एसी कक्ष में चले गए, जिससे मौके पर तनाव और आक्रोश फैल गया।

घटना के बाद फाउंडेशन पदाधिकारियों और बीडीओ के बीच तीखी नोकझोंक हुई। मामला बढ़ता देख पुलिस बल को बुलाया गया। आईटीआई चौकी इंचार्ज योगेंद्र सिंह ने स्थिति संभालने और दिव्यांगजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लंबे इंतजार के बावजूद जब कोई समाधान नहीं निकला तो नाराज दिव्यांगजन न्याय की मांग को लेकर पैदल ही जिला मुख्यालय के लिए रवाना हो गए।

भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में पैदल कूच कर रहे दिव्यांगजन वैदेही वाटिका तक पहुंचे, जहां एसडीएम सदर जनार्दन, लेखपाल विवेक पाण्डेय सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसडीएम ने दिव्यांगजनों की समस्याएं सुनीं और 15 दिन के भीतर समाधान का भरोसा दिलाया। आश्वासन के बाद सभी प्रदर्शनकारी वापस लौट गए।

पैदल कूच में राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष विजयपाल, गुड्डू, कालिंद्री, फूलमती, मानसी शांति देवी और रामचंद्र मौर्य सहित दर्जनों दिव्यांगजन मौजूद रहे।मानवता का परिचय देते हुए मौके पर एसडीएम सदर जनार्दन ने दिव्यांगजनों को सम्मानपूर्वक बैठाकर शीतल जल और फल वितरित कराए। प्रशासन के इस संवेदनशील व्यवहार से दिव्यांगजनों के चेहरे पर राहत दिखाई दी।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!