महमूदाबाद, सीतापुर।प्रदेश राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन
भारतीय किसान यूनियन टिकैत संगठन के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सच्चिदानंद सिंह पटेल ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर नाराजगी जताते हुए उपजिलाधिकारी महमूदाबाद को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने ग्राम पंचायत बाबूपुर के ग्राम माहनगर स्थित कुएं की बाउंड्री ऊंची कराने तथा विकास खण्ड पहला के ग्राम सिकंदराबाद में अधूरे पड़े नाली निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।
किसान नेता ने बताया कि ग्राम माहनगर में स्थित एक कुएं की ऊंचाई जमीन के बराबर रह गई है, जिसके चलते कई मवेशी उसमें गिरकर जान गंवा चुके हैं। इस समस्या को लेकर लंबे समय से बाउंड्री ऊंची कराने की मांग की जा रही है, लेकिन खण्ड विकास अधिकारी महमूदाबाद द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इसके अलावा विकास खण्ड पहला के ग्राम सिकंदराबाद में जिला सहकारी बैंक के पास नाली निर्माण कार्य उनके विरोध जताने के बाद शुरू तो हुआ, लेकिन केवल दो दिन चलने के बाद बंद कर दिया गया। इससे किसानों के आवागमन में अब भी भारी परेशानी बनी हुई है। आरोप है कि संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के बावजूद कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

इन्हीं समस्याओं को लेकर किसान नेता सच्चिदानंद सिंह पटेल ने 15 मई 2026 को उपजिलाधिकारी महमूदाबाद को ज्ञापन सौंपते हुए दोनों मांगों को तीन दिन के भीतर पूरा कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो किसानों के साथ आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

