महमूदाबाद, सीतापुर:20/04/2026/राज्य चीफ ब्यूरो-अनुज कुमार जैन
अपर जिलाधिकारी (वि. एवं राजस्व) नीतीश कुमार सिंह ने बताया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सीतापुर द्वारा भीषण गर्मी और हीटवेव (लू) को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है। जनसामान्य से अपील की गई है कि वे बताए गए बचाव उपायों को अपनाकर खुद को सुरक्षित रखें। साथ ही सभी संबंधित विभागों को भी पूरी तैयारी रखने और आवश्यक एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

एडवाइजरी के अनुसार, गर्म हवाओं से बचने के लिए खिड़कियों को एल्युमिनियम पन्नी या गत्ते से ढककर रखें, ताकि बाहर की गर्मी अंदर न आ सके। दोपहर के समय गर्म हवा आने वाली खिड़कियों व दरवाजों पर काले परदे लगाने की सलाह दी गई है। लोगों से स्थानीय मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण लेने को भी कहा गया है।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बच्चों और पालतू जानवरों को कभी भी बंद वाहनों में अकेला न छोड़ें। जहां तक संभव हो घर के अंदर रहें और धूप से बचें। बाहर निकलते समय सिर और शरीर को कपड़े या टोपी से ढकें। हल्का, संतुलित भोजन करें और मादक पदार्थों से दूर रहें।
गर्मी से बचाव के लिए लस्सी, छाछ, मट्ठा, बेल का शर्बत, नींबू पानी और आम का पना जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है। दोपहर के समय बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने को कहा गया है।
कब लगती है लू:

विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मी में शरीर के द्रव (बॉडी फ्लूड) सूखने लगते हैं, जिससे पानी और नमक की कमी हो जाती है। ऐसे में लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। शराब की लत, हृदय रोग, पुरानी बीमारियों, मोटापा, अधिक उम्र और अनियंत्रित मधुमेह से ग्रस्त लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
लू के प्रमुख लक्षण:
गर्म और शुष्क त्वचा, पसीना न आना, तेज नाड़ी, सांस लेने में तेजी, सिरदर्द, मिचली, चक्कर आना, थकान, भ्रम की स्थिति और पेशाब में कमी इसके प्रमुख लक्षण हैं। समय पर उपचार न मिलने पर शरीर के आंतरिक अंगों, विशेषकर मस्तिष्क पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।
प्रशासन ने आगाह किया है कि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना है, ऐसे में सभी लोग सावधानी बरतें और सुरक्षित रहें।

