Reading: नूरपुर में अंतर-पीढ़ी संवाद कार्यक्रम आयोजित, बुजुर्गों और युवाओं ने बढ़ाया आपसी जुड़ाव

नूरपुर में अंतर-पीढ़ी संवाद कार्यक्रम आयोजित, बुजुर्गों और युवाओं ने बढ़ाया आपसी जुड़ाव

RamParkash Vats
3 Min Read

एसडीएम अरुण शर्मा मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए जरूरी है कि नई और पुरानी पीढ़ी के बीच समन्वय बना रहे।

नूरपुर, 8 अप्रैल। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अंतर्गत तहसील कल्याण अधिकारी, नूरपुर द्वारा आज स्थानीय बचत भवन में “इंटर जनरेशनल बॉन्डिंग” विषय पर एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य बुजुर्गों और युवाओं के बीच संवाद को बढ़ावा देना और आपसी समझ को मजबूत करना रहा।

इस अवसर पर एसडीएम अरुण शर्मा मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए जरूरी है कि नई और पुरानी पीढ़ी के बीच समन्वय बना रहे।

उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का अनुभव और युवाओं की ऊर्जा मिलकर एक सशक्त समाज का निर्माण करती है। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी का झुकाव मोबाइल के अत्यधिक उपयोग की ओर बढ़ रहा है, जिससे सामाजिक संबंध प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह समाज के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इन बुरी आदतों से दूर रहकर अपने बुजुर्गों के साथ समय बिताएं और उनके अनुभवों से सीख लें।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग से डॉक्टर मौलश्री भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं और उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

तहसील कल्याण अधिकारी अक्षय कुमार ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में पीढ़ियों के बीच बढ़ती दूरी को कम करना है। उन्होंने कहा कि विभाग भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा ताकि बुजुर्गों को सम्मान और युवाओं को सही मार्गदर्शन मिल सके।

कार्यक्रम में फैक्ट कंप्यूटर सेंटर के बच्चों तथा स्थानीय बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने अपने विचार भाषण के माध्यम से प्रस्तुत किए, वहीं बुजुर्गों ने अपने जीवन के अनुभव साझा कर सभी को प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में भाषण प्रस्तुत करने वाले बच्चों तथा अपने जीवन अनुभव साझा करने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!