Reading: हिमाचल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 8 आईएएस सहित 17 अधिकारी स्थानांतरित, कई एसडीएम बदले, प्रमुख विभागों में नई तैनातियां, जनहित में सरकार का निर्णय, तुरंत प्रभाव से आदेश लागू किए

हिमाचल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 8 आईएएस सहित 17 अधिकारी स्थानांतरित, कई एसडीएम बदले, प्रमुख विभागों में नई तैनातियां, जनहित में सरकार का निर्णय, तुरंत प्रभाव से आदेश लागू किए

RamParkash Vats
5 Min Read

शिमला/24 मार्च 2026/ राज्य ब्यूरो चीफ विजय समयाल

हिमाचल प्रदेश सरकार ने मंगलवार को प्रशासनिक ढांचे में व्यापक फेरबदल करते हुए 8 आईएएस, 1 आईएफएस और 8 एचपीएएस अधिकारियों के तबादले एवं नई तैनातियों के आदेश जारी किए हैं। कार्मिक विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। इस प्रशासनिक बदलाव में कई महत्वपूर्ण विभागों, मंडलों और उपमंडलों में नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त कार्यभार से भी मुक्त किया गया है।

अधिकारी संदीप कुमार को कांगड़ा मंडल धर्मशाला का डिवीजनल कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वे पहले इस पद का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे थे, अब उन्हें नियमित रूप से जिम्मेदारी दी गई है। आईएएस अधिकारी दूनी चंद राणा को हिमाचल प्रदेश बागवानी उत्पाद विपणन एवं प्रसंस्करण निगम (एचपीएमसी) का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। साथ ही उन्हें हिमाचल प्रदेश एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड और हिमाचल प्रदेश एग्रो इंडस्ट्रियल पैकेजिंग इंडिया लिमिटेड का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।

आईएएस अधिकारी राम कुमार गौतम को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निदेशक पद से स्थानांतरित कर हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। इस पद का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे आईएएस अधिकारी हेमिस नेगी को इससे मुक्त कर दिया गया है। वहीं आईएएस अधिकारी कुमुद सिंह को शिमला मंडल के सेटलमेंट अधिकारी पद से बदलकर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है।

आईएएस अधिकारी विनय सिंह को हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड शिमला का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। वे इससे पहले एचपीएमसी के प्रबंध निदेशक के साथ-साथ एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन तथा एग्रो इंडस्ट्रियल पैकेजिंग इंडिया लिमिटेड का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे थे। आईएएस अधिकारी मनीष कुमार को पांगी (चंबा) के रेजिडेंट कमिश्नर पद से बदलकर शिमला मंडल का सेटलमेंट अधिकारी बनाया गया है।

इसी क्रम में आईएएस अधिकारी अक्षय सूद को तकनीकी शिक्षा निदेशक सुंदरनगर से स्थानांतरित कर कांगड़ा मंडल धर्मशाला का सेटलमेंट अधिकारी नियुक्त किया गया है। वर्ष 2023 बैच के आईएएस अधिकारी द्विज गोयल को जिला ग्रामीण विकास अभिकरण नाहन से बदलकर पांवटा साहिब का एसडीएम (सिविल) लगाया गया है।

आईएफएस अधिकारी पुष्पेंद्र राणा को पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें आपदा प्रबंधन निदेशक तथा हिमाचल प्रदेश राज्य विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद के सदस्य सचिव का अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया है।

एचपीएएस अधिकारियों में भी व्यापक फेरबदल किया गया है। एचपीएएस अधिकारी शरवन कुमार को हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक पद से बदलकर राज्य नागरिक आपूर्ति निगम का कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया गया है। इस पद का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे सचिन कंवल को इससे मुक्त कर दिया गया है। एचपीएएस अधिकारी रमन घरसंगी को एसपीवी धर्मशाला में महाप्रबंधक (कार्मिक) नियुक्त किया गया है, जबकि इस पद का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे सुभाष गौतम को मुक्त किया गया है।

एचपीएएस अधिकारी मनमोहन सिंह को उपायुक्त कार्यालय चंबा में सहायक आयुक्त नियुक्त किया गया है। कृष्ण कुमार शर्मा को डिजिटल टेक्नोलॉजी एंड गवर्नेंस निदेशालय शिमला से स्थानांतरित कर सरकाघाट (मंडी) का एसडीएम (सिविल) बनाया गया है। गुंजीत सिंह चीमा को पांवटा साहिब से बदलकर मनाली का एसडीएम (सिविल) नियुक्त किया गया है।

इसी क्रम में रमन कुमार शर्मा को मनाली से स्थानांतरित कर काफोटा (सिरमौर) का एसडीएम (सिविल) नियुक्त किया गया है तथा इस पद का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे जसपाल को मुक्त किया गया है। आकांक्षा शर्मा को पार्वती परियोजना कुल्लू में भूमि अधिग्रहण अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि डॉ. चरणजी लाल को अतिरिक्त कार्यभार से मुक्त किया गया है।

इसके अतिरिक्त एचपीएएस अधिकारी राजिंदर कुमार गौतम को सरकाघाट के एसडीएम पद से बदलकर डिजिटल टेक्नोलॉजी एंड गवर्नेंस निदेशालय शिमला में संयुक्त निदेशक नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार के अनुसार यह सभी तबादले प्रशासनिक आवश्यकता और जनहित को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!