बाराबंकी(महमूदाबाद) 24 मार्च 2026/ राज्य ब्यूरो चीफ अनुज कुमार जैन
जनपद बाराबंकी में अधिवक्ताओं को वैकल्पिक विवाद समाधान (एडीआर) प्रणाली के तहत प्रशिक्षित करने के लिए 40 घंटे के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण दिनांक 30 मार्च 2026 से 3 अप्रैल 2026 तक आयोजित होगा।
प्रशिक्षण के लिए चयनित अधिवक्ताओं में गौरव कुमार गुप्ता, शांतनु वर्मा, जितेंद्र कुमार तथा संजीत कुमार पाठक शामिल हैं। प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत ये अधिवक्ता सिविल कोर्ट बाराबंकी परिसर स्थित एडीआर भवन में बैठकर विभिन्न प्रकार के मामलों का निस्तारण कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बताया गया कि अधिवक्ता गण पारिवारिक वाद, सिविल वाद एवं फौजदारी वाद से जुड़े मुकदमों में पक्षकारों के बीच आपसी सहमति बनाकर समझौता कराएंगे,
जिससे मामलों का त्वरित और सौहार्दपूर्ण निपटारा हो सके।
इस पहल का उद्देश्य न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम करना तथा पक्षकारों को शीघ्र न्याय दिलाना है। एडीआर प्रणाली के माध्यम से विवादों को सुलझाने से समय और संसाधनों की बचत के साथ आपसी संबंधों में भी मधुरता बनी रहती है।

