ज्वाली, 10 मार्च 2026, हिमाचल समाचार डेक्स संपादक राम प्रकाश बत्स
कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने मंगलवार को ज्वाली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बही पठियार और कोठी बंडा में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की मंशा है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि उनकी समस्याओं का समाधान गांव और घर-द्वार पर ही किया जाए।

उन्होंने कोटला क्षेत्र में चल रहे तथा प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क, पेयजल, सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण, भूस्खलन शमन और सीवरेज जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कोटला के वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को अगले शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध किया जाएगा। इसके अलावा पुलिस चौकी कोटला को थाने का दर्जा भी दिया गया है।

प्रो. चन्द्र कुमार ने कहा कि ग्राम पंचायत बही पठियार में वेटनरी अस्पताल फिलहाल किराये की इमारत में संचालित हो रहा है। यदि पंचायत इसके लिए भूमि उपलब्ध करवाती है, तो अस्पताल भवन निर्माण के लिए बजट का प्रावधान किया जाएगा।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों से किए गए सभी वादों को पूरा किया है। प्राकृतिक खेती से उगाई गई गेहूं, मक्की, जौ और कच्ची हल्दी को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जा रहा है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है, जहां पशुपालकों से गाय का दूध 51 रुपये प्रति लीटर तथा भैंस का दूध 61 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदा जा रहा है।

उन्होंने पशुपालकों से दुग्ध सहकारी समितियां गठित कर उनका पंजीकरण करवाने का आह्वान किया। साथ ही बताया कि प्रदेश सरकार ने पशुपालक किसानों के लिए दूध प्रोत्साहन योजना भी शुरू की है। इसके तहत पंजीकृत निजी दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़े किसानों को तीन रुपये प्रति लीटर की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त निजी दूध समितियों द्वारा एकत्र किए जा रहे दूध के लिए परिवहन अनुदान को 1.50 रुपये से बढ़ाकर 3 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है, जिससे हजारों किसानों को लाभ मिल रहा है।

कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं और आम जनता तक सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास को जनसरोकारों से जोड़कर आगे बढ़ा रही है।
इस अवसर पर जल शक्ति विभाग के एसडीओ दीप, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ राजेश, कांग्रेस प्रवक्ता संसार सिंह संसारी, कांग्रेस नेता जालम सिंह, सतपाल, जीवन धीमान, सचिन गुलरिया, देवराज सहित पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

