एक किलोग्राम वज़न का ट्यूमर
फतेहपुर (कांगड़ा)3/03/2026 , राज्य ब्यूरो चीफ विजय समयाल
क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर में जनरल सर्जन डॉ. परनीता और उनकी टीम ने जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए ज्वाली निवासी रघुवीर सिंह के कूल्हे (हिप) से लगभग एक किलोग्राम वज़न का ट्यूमर निकाल दिया।

ऑपरेशन करते चिकित्सक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रघुवीर सिंह पिछले काफी समय से तेज दर्द और सूजन की समस्या से जूझ रहे थे। जांच के दौरान हिप में बड़ा ट्यूमर पाया गया, जिसके बाद विशेषज्ञ टीम ने ऑपरेशन का निर्णय लिया। सर्जरी अत्यंत सावधानी और तकनीकी दक्षता के साथ की गई।ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। निकाले गए ट्यूमर के नमूने को बायोप्सी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है, ताकि आगे की चिकित्सीय प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
अस्पताल प्रशासन और स्थानीय लोगों ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉक्टर और पूरी टीम की सराहना की है। इस उपलब्धि ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों का विश्वास और भी मजबूत किया है।

