नूरपुर(शिमला) 21 फरवरी 2026, स्टेट ब्यूरो चीफ विजय समयाल
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर ने दबाव की रणनीति को और तेज कर दिया है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही पुलिस सक्रियता के बीच आदतन नशा तस्कर भारत उर्फ तम्मा निवासी छन्नी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा को PIT NDPS Act के तहत निरुद्ध कर लिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी NDPS Act के अंतर्गत कई मामले दर्ज हैं। लंबे समय से निगरानी सूची में शामिल इस तस्कर पर आखिरकार कानूनी शिकंजा कस दिया गया। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में नूरपुर पुलिस ने खुफिया तंत्र को सक्रिय कर सुनियोजित ढंग से धरपकड़ अभियान चलाया, जिससे तस्करों में हड़कंप मच गया है।
सिर्फ एक कार्रवाई तक मामला सीमित नहीं रहा। बीते दो दिनों के भीतर कुल चार नशा तस्करों को हिरासत में लिया गया है। सभी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की लगातार दबिश से अवैध कारोबार से जुड़े लोगों पर मानसिक और कानूनी दबाव साफ दिखाई दे रहा है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। आम जनता से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।

