Reading: फोरलेन पर 6890 नशीले कैप्सूल बरामद, बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई; हिमाचल-पंजाब के दो आरोपी गिरफ्तार, ड्रग्स नेटवर्क की जांच तेज

फोरलेन पर 6890 नशीले कैप्सूल बरामद, बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई; हिमाचल-पंजाब के दो आरोपी गिरफ्तार, ड्रग्स नेटवर्क की जांच तेज

RamParkash Vats
2 Min Read

संकेतिक चित्र

बिलासपुर (शिमला) 19 फरवरी 2026/ राज्य ब्यूरो चीफ़ विजय समयाल

हिमाचल प्रदेश को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सदर थाना पुलिस ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर विशेष नाकाबंदी के दौरान एक कार से नशे में प्रयुक्त होने वाले 6890 कैप्सूल बरामद किए हैं। जब्त दवा प्रैगाबिलिन 300 एमजी बताई गई है, जिसका दुरुपयोग हाल के दिनों में युवाओं के बीच तेजी से बढ़ा है। पुलिस ने इस मामले में दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया है, जिनमें एक हिमाचल प्रदेश और दूसरा पंजाब का निवासी है।
जानकारी के अनुसार पट्टा क्षेत्र में वाहनों की नियमित जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर कार (HP12N-2815) को रोका। तलाशी लेने पर वाहन के भीतर छिपाकर रखे गए कैप्सूलों का बड़ा जखीरा मिला। गिनती में कुल 6890 कैप्सूल बरामद हुए। आरोपियों से दवाइयों से संबंधित बिल या वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। इतनी बड़ी मात्रा में बरामदगी से स्पष्ट हुआ कि यह खेप अवैध सप्लाई के उद्देश्य से लाई जा रही थी। आरोपियों की पहचान सुखविंद्र सिंह (नालागढ़, जिला सोलन) और मंजीत सिंह (आनंदपुर साहिब, जिला रोपड़, पंजाब) के रूप में हुई है।
मामला प्रतिबंधित दवाओं से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने इसे आगे की कार्रवाई के लिए ड्रग्स विभाग बिलासपुर को सौंप दिया है। ड्रग्स इंस्पेक्टर अंजना देवी ने पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसियां अब इस सप्लाई चेन और संभावित नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!