कांगड़ा,17/02/2026, हिमाचल न्यूज़ रूम,सूत्र: विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार रक्कड़ थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक युवक कथित रूप से मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक और अशोभनीय भाषा का प्रयोग करता दिखाई दे रहा है। वीडियो थाना रक्कड़ पुलिस के संज्ञान में आते ही विभाग ने इसे गंभीरता से लिया।
सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी युवक की पहचान के लिए साइबर टीम की मदद से तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वीडियो कब और कहां से अपलोड किया गया तथा इसके पीछे की मंशा क्या थी। अधिकारियों का मानना है कि सोशल मीडिया पर इस प्रकार की भाषा न केवल मर्यादा का उल्लंघन है, बल्कि कानून-व्यवस्था की दृष्टि से भी गंभीर विषय है।
उधर, स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं — नरेश भुट्टू, राजीव शर्मा, संजीव शर्मा व अन्य — ने पुलिस प्रशासन से मामले में कड़ा संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है और इस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
इस संबंध में एसपी देहरा मयंक चौधरी ने पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी करने वाले युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है और शीघ्र ही उसे हिरासत में लेकर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग की अपील की है तथा चेतावनी दी है कि किसी भी व्यक्ति या पदाधिकारी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।
रक्कड़ में मुख्यमंत्री पर अभद्र टिप्पणी, युवक के खिलाफ मामला दर्ज, पुलिस जांच तेज
Leave a comment
Leave a comment

