Reading: हिमाचल बजट सत्र में बेनामी जमीन सौदों पर बवाल, गगरेट से जुड़े गिरोह की जांच को एसआईटी गठित, मुख्यमंत्री सुक्खू ने सदन में कड़ी कार्रवाई का दिया आश्वासन

हिमाचल बजट सत्र में बेनामी जमीन सौदों पर बवाल, गगरेट से जुड़े गिरोह की जांच को एसआईटी गठित, मुख्यमंत्री सुक्खू ने सदन में कड़ी कार्रवाई का दिया आश्वासन

RamParkash Vats
2 Min Read

Head Office Bharmar ( Jawali) Himachal News Room Editor Ram Prakash Vats

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में मंगलवार को जमीनों के कथित बेनामी सौदों का मुद्दा जोरदार ढंग से उठा। सदन में इस विषय पर हुई चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने स्पष्ट किया कि गगरेट क्षेत्र से जुड़े कथित गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पूरे मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया जाएगा।
यह मामला उस समय गरमाया जब गगरेट के विधायक राकेश कालिया ने प्रश्नकाल के दौरान कथित बेनामी जमीन सौदों और बाहरी प्रभावों को लेकर सरकार से जवाब मांगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड से सेवानिवृत्त एक पूर्व मुख्य सचिव द्वारा गगरेट और गग्गल एयरपोर्ट के आसपास बेनामी जमीन की खरीद-फरोख्त की जा रही है। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि संबंधित व्यक्ति का प्रदेश की राजनीतिक अस्थिरता से भी संबंध रहा है।
, विधायक ने गगरेट क्षेत्र में आठ लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी से जुड़ी दर्ज एफआईआर का भी उल्लेख किया और मांग की कि मामले की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने सदन में जवाब देते हुए कहा कि सरकार इस प्रकरण को गंभीरता से ले रही है।

उन्होंने निर्देश दिया कि मामले से जुड़े सभी दस्तावेज और तथ्यों की प्रतियां उन्हें और पुलिस महानिदेशक को उपलब्ध कराई जाएं, ताकि जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने आश्वासन दिया कि एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बजट सत्र के दौरान उठा यह मुद्दा आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में और अधिक गर्माहट ला सकता है। फिलहाल सरकार ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि बेनामी सौदों और किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!