सीतापुर-12 फरवरी 2026,अनुज कुमार जैन-प्रदेश राज्य चीफ ब्यूरो
सीता इंटर कॉलेज परिसर में इंटरमीडिएट विद्यार्थियों के लिए संस्था द्वारा आयोजित आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन समारोह भावनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्रों को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करते हुए मेधावियों को सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए सीता ग्रुप ऑफ एजूकेशन के चेयरमैन आर.के. वाजपेयी ने कहा कि प्रतिभा, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर जीवन के दुर्गम लक्ष्य भी प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने माता-पिता और संस्थान का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि मिलन और विदाई जीवन के महत्वपूर्ण पहलू हैं—मिलन जहां खुशियां देता है, वहीं विदाई आगे बढ़ने और कुछ कर गुजरने का संबल प्रदान करती है। उन्होंने छात्रों से परीक्षा को बोझ न मानने और आवश्यकता पड़ने पर गुरुजनों एवं अभिभावकों से सलाह लेने की बात कही।

मौलाना आजाद महाविद्यालय के संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि किसी भी परिस्थिति का सामना दृढ़ निश्चय और आत्मविश्वास के साथ करना चाहिए। उन्होंने अनुशासन एवं चरित्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका की सराहना की। वरिष्ठ प्रवक्ता विनोद गुप्त ने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम ही सफलता की कुंजी है और परिश्रम का कोई विकल्प नहीं होता।कार्यक्रम में लगभग एक हजार इंटरमीडिएट विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया। विदाई के इस अवसर पर कई विद्यार्थी भावुक हो उठे और उनकी आंखें नम दिखाई दीं।अतिथियों का स्वागत प्रबंधक रमेश वर्मा, उप प्रधानाचार्य यशपाल वर्मा, नीरज वर्मा एवं सांस्कृतिक प्रमुख प्रतिभा सिंह ने माल्यार्पण व स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। इस अवसर पर शिवसेवक मिश्र, राकेश शुक्ल, अरुण वर्मा, उमेश वर्मा, आयुष वर्मा, शिवेंद्र वर्मा, आशीष मौर्य सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती व भारत वंदना की प्रस्तुति से हुई। *मेधावियों को आकर्षक पुरस्कार*समारोह के दौरान आल राउंडर प्राची निगम व ज्ञानेंद्र वर्मा, मेलोडी ऑफ द स्कूल से अस्मिका व सिद्धांत प्रताप, ओवरऑल टॉपर वर्तिका सोनी, स्पोर्ट्स पर्सन अंशिका सिंह व अर्पित वर्मा, बेस्ट आर्टिस्ट नीता, बेस्ट परफॉर्मर बबिता वर्मा, मोस्ट डिसिप्लिन्ड आस्था वर्मा व मोनू कुमार, बेस्ट स्पीकर अमन गिरि व श्रेया वाजपेयी, बेस्ट परफॉर्मर ऐश्वर्य गुप्ता सहित पूर्ण उपस्थिति वाले 17 विद्यार्थियों एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय, तृतीय व सांत्वना स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

