संकेतिक चित्र
मुख्य कार्यालय भरमाड़ हिमाचल न्यूज़ डैक्स, सूत्र : हमीरपुर जिला में एचआरटीसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। गलोड़-शिमला रूट पर संचालित हमीरपुर डिपो की बस के चालक द्वारा ड्यूटी के दौरान बस छोड़कर भाग जाने की घटना ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार बीते मंगलवार को जब बस घुमारवीं के समीप पहुंची, तो चालक अचानक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों का आरोप है कि चालक नशे की हालत में था और लापरवाही से बस चला रहा था। संभावित दुर्घटना की आशंका के चलते जब यात्रियों ने आपत्ति जताई, तो चालक बस बीच रास्ते में छोड़कर चला गया। इससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
मामले की सूचना मिलते ही परिचालक ने क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार को अवगत कराया। तत्पश्चात वैकल्पिक चालक की व्यवस्था कर बस को शिमला रवाना किया गया। निगम प्रबंधन ने आरोपी चालक जुम्मी मोहम्मद निवासी बरठीं कोटलू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर डीएम कार्यालय हमीरपुर से अटैच कर दिया है तथा घुमारवीं थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।

