नूरपुर 07 फरवरी 2026/ न्यूज़ इंडिया आजतक मुख्य कार्यालय भरमाड़(ज्वाली), हिमाचल न्यूज़ डैक्स संपादक राम प्रकाश वत्स
सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े मुद्दों को लेकर शुक्रवार को पुलिस कार्यालय नूरपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक नूरपुर श्री कुलभूषण वर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नूरपुर ने की। यह बैठक फाइल संख्या Wel-5-SOP (Retires) 2024-13096-129 दिनांक 06.10.2024 के संदर्भ में पुलिस जिला नूरपुर के सभागार कक्ष में संपन्न हुई।

बैठक में पेंशनर एसोसिएशन की ओर से श्री मनोज कुमार वालिया (पेंशनर प्रेजिडेंट), श्री कृष्ण जी रैना (वाइस प्रेजिडेंट), श्री कैलाश वालिया (महासचिव), श्री साहब सिंह (प्रेस प्रवक्ता) तथा श्री बहादुर सिंह (कार्यकारिणी अध्यक्ष, डिवीजन नूरपुर) सहित अनेक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान विभागीय अभिलेखों, नियमों तथा SOP का अवलोकन करते हुए विभिन्न अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों के निधन की स्थिति में उनके परिजनों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने तथा दिवंगत कर्मियों को उचित सम्मान दिए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके साथ ही पुलिस जिला नूरपुर में पेंशनर्स के लिए कैंटीन सुविधा स्थापित करने, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के जिला भ्रमण के दौरान पेंशनर्स के साथ संवाद बैठकें आयोजित करने तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था किए जाने की मांग भी उठाई गई।

बैठक में चिकित्सा उपचार से जुड़े मुद्दों पर भी विशेष चर्चा हुई। इसमें विशेष रूप से आंखों के ऑपरेशन के लिए आर्थिक सहायता राशि में वृद्धि, सेवानिवृत्त कर्मियों के लंबित चिकित्सा बिलों का शीघ्र भुगतान तथा 01 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 तक के लंबित डीए एरियर एवं अन्य देय लाभों के शीघ्र निपटारे की मांग रखी गई।
अंत में पेंशनर एसोसिएशन ने संबंधित विभाग से सभी मांगों पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया, ताकि सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों का समुचित कल्याण सुनिश्चित किया जा सके।

