संकेतिक चित्र
ज्वाली/06 फरवरी 2026, संपादक राम प्रकाश वत्स
हिमाचल प्रदेश में बेरोजगार प्रशिक्षित लाइब्रेरियन प्रदेश सरकार के रवैये से खासे आहत हैं। करीब 16 वर्षों बाद जेओए (लाइब्रेरियन) के पद भरने की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है, लेकिन इसमें आर एंड पी रूल्स की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया गया है।
हिमाचल प्रदेश बेरोजगार प्रशिक्षित लाइब्रेरियन संघ के प्रदेशाध्यक्ष किशोरी लाल ने ज्वाली में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि आर एंड पी नियमों के अनुसार कुल पदों में 50 प्रतिशत पद बैचवाइज आधार पर तथा 50 प्रतिशत पद आयोग (कमीशन) के माध्यम से भरे जाने चाहिए। इसके विपरीत प्रदेश सरकार सभी पद केवल कमीशन आधार पर भरने जा रही है, जो नियमों के खिलाफ है।
किशोरी लाल ने बताया कि सरकार 78 पदों को भरने की तैयारी में है, लेकिन इनमें बैचवाइज भर्ती का कोई प्रावधान नहीं रखा गया है। इससे लगभग 60 प्रतिशत ऐसे प्रशिक्षित लाइब्रेरियन प्रभावित होंगे, जो आयु सीमा पार कर चुके हैं या वेटिंग लाइन में हैं। लंबे समय बाद रोजगार की जो आस जगी थी, उस पर सरकार ने पानी फेर दिया है।
लाइब्रेरियनों के हितों से खुला खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि लाइब्रेरियन के सभी रिक्त पद आर एंड पी रूल्स के अनुसार भरे जाएं, ताकि आयु सीमा लांघ रहे बैचवाइज अभ्यर्थियों को भी रोजगार का अवसर मिल सके।किशोरी लाल ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने नियमों के अनुसार भर्ती नहीं की, तो इसका जवाब आने वाले विधानसभा चुनावों में दिया जाएगा।
इस अवसर पर वीरेंद्र कुमार, महेंद्र मिन्हास, राजेश चौधरी, संजय धीमान, प्रदीप धीमान, ममता चौधरी, केशव, गणेश, महेश, बबलू, बिट्टू, तारा चंद, राकेश कुमार, अश्विनी, रमेश, मिट्ठू, पंकज और सुशील शर्मा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

