Sitapur 28/01/2026 Correspondent Bindu Morya
सीतापुर शुक्रवार को रोडवेज बस स्टैंड के बाहर सड़क पर बस खड़ी कर सवारियां बैठाने का सिलसिला लगातार जारी है। जबकि जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर द्वारा पूर्व में आयोजित बैठक में संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे कि जनपद में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए रोडवेज बसों को सड़क पर खड़ा न किया जाए।

बैठक में एआरएम को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि किसी भी स्थिति में बसों को सड़क पर खड़ा कर सवारी न बैठाई जाए, लेकिन जिलाधिकारी के निर्देशों की खुलेआम अवहेलना करते हुए रोडवेज के चालक व परिचालक मनमानी कर रहे हैं।
सड़क पर बसें खड़ी होने के कारण घंटों जाम की स्थिति बनी रही। जाम में फंसे राहगीर काफी परेशान नजर आए।

वहीं रोडवेज पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों की निष्क्रियता भी सामने आई, जिससे आमजन को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ा।स्थानीय लोगों का कहना है कि रोडवेज चौकी इंचार्ज एवं स्टाफ के नदारद रहने के कारण हालात और बिगड़ते जा रहे हैं। सड़क पर खड़ी रोडवेज बसों से न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है, बल्कि आसपास के दुकानदारों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी कब इस अव्यवस्था पर संज्ञान लेकर ठोस कार्यवाही करते हैं।

