SHIMLA.24/01.2026,SCB VIJAY SAMYAL
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश में बर्फबारी और बिगड़ते मौसम के बीच सभी विभागों को सतर्क रहने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) की गाइडलाइंस का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आवश्यक सेवाओं की बहाली में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बर्फबारी के बीच मुख्यमंत्री सुक्खू ने शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बदलते मौसम चक्र पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पहले दिसंबर के अंत तक बर्फबारी हो जाती थी, जबकि अब जनवरी के अंतिम दिनों में बर्फ गिर रही है। मुख्यमंत्री ने इसे जलवायु परिवर्तन का स्पष्ट संकेत बताया।
सड़कों की बहाली और बुनियादी सेवाओं पर जोर:-मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्फबारी से अवरुद्ध सड़कों को खोलने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत पर्याप्त मशीनरी और कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में बिजली और पेयजल आपूर्ति बाधित न हो और जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन को जरूरतमंद लोगों तक त्वरित सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य आपूर्ति विभाग और संबंधित निगमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि प्रभावित इलाकों में खाद्यान्न की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया।
आपदा प्रबंधन गाइडलाइंस का सख्त पालन:-मुख्यमंत्री सुक्खू ने सभी विभागीय प्रमुखों को एसडीएमए की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने को कहा। इन गाइडलाइं में संसाधनों की तैनाती, राहत कार्यों की रूपरेखा और जनता की सहायता से जुड़े स्पष्ट प्रोटोकॉल शामिल हैं। सरकार का उद्देश्य आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है, ताकि किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान को रोका जा सके।असामान्य बर्फबारी पैटर्न से उत्पन्न चुनौतियों के बीच सरकार ने तैयारियों को और तेज कर दिया है। सभी एजेंसियों को उच्च स्तर की सतर्कता बनाए रखने और मौसम विभाग की चेतावनियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

