Reading: चलवाड़ा पंचायत में कांगड़ा सहकारी बैंक का वित्तीय साक्षरता शिविर, योजनाओं व डिजिटल सुरक्षा की दी जानकारी

चलवाड़ा पंचायत में कांगड़ा सहकारी बैंक का वित्तीय साक्षरता शिविर, योजनाओं व डिजिटल सुरक्षा की दी जानकारी

RamParkash Vats
2 Min Read
कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक सीमित की शाखा चलवाड़ा द्वारा चलवाड़ा एक में वित्तीय साक्षरता दिवस का आयोजन

जवाली | 22 जनवरी 2026 | राम प्रकाश वत्स

कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड की शाखा चलवाड़ा द्वारा पंचायत चलवाड़ा-एक में वित्तीय साक्षरता दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बैंकिंग सेवाओं, सरकारी योजनाओं और सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के प्रति जागरूक करना रहा।

इस अवसर पर बैंक प्रबंधक विशाल कुमार, उप-प्रबंधक हरपाल सिंह तथा बैंक के अन्य अधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों को बैंक से संबंधित विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैंक किस प्रकार आम लोगों, किसानों, कारीगरों और स्वरोजगार से जुड़े व्यक्तियों को आर्थिक रूप से सशक्त बना रहा है।

बैंक अधिकारियों ने अटल पेंशन योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए बुढ़ापे में सुरक्षित पेंशन सुनिश्चित करती है। वहीं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्राकृतिक आपदाओं से फसल नुकसान की भरपाई कैसे होती है, इस पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त विश्वकर्मा योजना के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों को मिलने वाले ऋण, प्रशिक्षण और सहायता के प्रावधानों से भी लोगों को अवगत करवाया गया।
स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए हेल्थ इंश्योरेंस योजनाओं की उपयोगिता और उनके लाभ भी शिविर में समझाए गए।

डिजिटल बैंकिंग पर जोर देते हुए अधिकारियों ने लोगों को ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कभी भी अपना ओटीपी, एटीएम पिन या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।

कार्यक्रम में पंचायत प्रधान श्रेष्ठा देवी, सचिव दिलबाग सिंह सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने बैंक द्वारा आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!