Reading: सरकार–अफसरशाही टकराव से हिमाचल में राजनीतिक अस्थिरता, कभी भी हो सकते हैं चुनाव: जयराम ठाकुर

सरकार–अफसरशाही टकराव से हिमाचल में राजनीतिक अस्थिरता, कभी भी हो सकते हैं चुनाव: जयराम ठाकुर

RamParkash Vats
3 Min Read

कुल्लू (SHIMLA)17/01/2026/SBC VIJAY SAMYAL:पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मनाली और लाहौल विधानसभा संयुक्त मोर्चा भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार और अफसरशाही के बीच जिस तरह का टकराव सामने आ रहा है, उससे यह संकेत मिल रहे हैं कि प्रदेश में कभी भी चुनाव हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली से जनता पूरी तरह निराश हो चुकी है और उसे सत्ता से बाहर करने के लिए तैयार बैठी है। भाजपा विपक्ष के नाते जनविरोधी नीतियों और फैसलों का लगातार विरोध करती रहेगी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही मौजूदा सरकार के हर गलत निर्णय की गहन समीक्षा की जाएगी।

कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह और अफसरशाही के बीच चल रहे विवाद पर जयराम ठाकुर ने कहा कि आईएएस और आईपीएस एसोसिएशन को इस मामले में जल्दबाजी नहीं दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार चलाने में अधिकारियों की अहम भूमिका होती है और मुख्यमंत्री को चाहिए कि वे दोनों पक्षों को साथ बैठाकर समाधान निकालें। लेकिन वर्तमान स्थिति यह है कि सरकार के मंत्री ही सरकार के खिलाफ खड़े नजर आ रहे हैं, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि सत्ता का नशा कांग्रेस नेताओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कानूनगो और पटवारी पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यदि दोषियों को संरक्षण दिया गया तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों से भटककर गैर-जरूरी मामलों में उलझी हुई है। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं से किए गए रोजगार के वादे भी पूरे नहीं हुए हैं। चुनाव से पहले हर साल एक लाख नौकरियों की गारंटी देने वाली कांग्रेस सरकार तीन साल में दस हजार युवाओं को भी रोजगार देने में नाकाम रही है, जिससे जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!