महमूदाबाद (सीतापुर)03 jan 2025.चीफ़ ब्यूरो Anuj Kumar Jain
महमूदाबाद (सीतापुर) कस्बे में शनिवार की सुबह प्रशासन ने एक बार फिर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक बुलडोजर कार्रवाई की। सिधौली क्रॉसिंग से लेकर सरकारी तालाब तक करीब दो किलोमीटर के दायरे में नाले के ऊपर लगाए गए होल्डिंग्स और किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।
प्रशासन के कड़े रवैये को देखते हुए कई अवैध कब्जाधारियों ने स्वयं ही अपने अतिक्रमण हटा लिए। इस अभियान से यह स्पष्ट हो गया कि अब तहसील प्रशासन के साथ-साथ जिला प्रशासन भी अवैध अतिक्रमण को लेकर पूरी तरह सख्त है।
जिलाधिकारी राजा गणपति आर.के. के आदेशानुसार उपजिलाधिकारी बी.के. सिंह एवं अधिशासी अधिकारी पवन किशोर मौर्य ने मौके पर मौजूद अवैध कब्जाधारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में दोबारा अवैध अतिक्रमण पाया गया तो भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 329 के तहत मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी अवैध कब्जाधारी को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
इस दौरान मौके पर उपजिलाधिकारी बी.के. सिंह, नायब तहसीलदार राम कुमार, थाना प्रभारी अनिल सिंह तोमर सहित अन्य राजस्वकर्मी एवं पुलिस बल मौजूद रहा।

