अंब( उना) 29/12/2025 सूत्र: नशे के खिलाफ सख्त अभियान के तहत पुलिस थाना अम्ब की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। कलरूही चौक के पास नाकाबंदी के दौरान एक सफेद मारुति कार से 2.99 ग्राम हैरोइन/चिट्टा बरामद किया गया। इस कार्रवाई में कांगड़ा जिला के चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार रविवार रात करीब 10:15 बजे एएसआई सुनील डढवाल अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि ऊना की ओर से आ रही एक सफेद मारुति कार में सवार चार युवक चिट्टा तस्करी में संलिप्त हैं और कलरूही चौक से लोहारा की ओर जाएंगे। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत नाका लगाया और संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
पूछताछ के दौरान कार सवार युवक घबरा गए। गवाहों की मौजूदगी में जब वाहन की तलाशी ली गई तो कार से चिट्टा बरामद हुआ। मौके पर ही चारों को हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई।
एसपी ऊना अमित यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
सौरभ शर्मा (33) निवासी समनोली तहसील प्रागपुर, रजनीश कुमार (29) निवासी जदामण तहसील डाडासीबा, रोहित राणा (26) निवासी खब्बल तहसील ज्वाली मलकीयत सिंह (33) निवासी जदामण तहसील डाडासीबा
के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराएं 21, 29, 61 और 85 के तहत केस दर्ज कर कार को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और नशा नेटवर्क के अन्य कड़ियों को खंगाला जा रहा है।

