SHIMLA/28/12/2025/ NEWS INDIA AAJ TAK/ SBC VIJAY SAMYAL
मनाली, हिमाचल प्रदेश। पर्यटन नगरी मनाली में पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए देह व्यापार से जुड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चार युवतियों को जबरन देह व्यापार के दलदल से मुक्त कराया है। समय रहते की गई इस सख्त कार्रवाई से पुलिस ने न केवल संगठित अपराध पर करारा प्रहार किया है, बल्कि पर्यटन नगरी की छवि को भी सुरक्षित रखने का सराहनीय प्रयास किया है।
पुलिस के अनुसार मालरोड और बाहणु पुल क्षेत्र में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। पुख्ता सूचना के आधार पर थाना प्रभारी मनीष शर्मा के नेतृत्व में टीम ने बाहणु पुल के पास जाल बिछाया और मौके से दो युवकों—22 वर्षीय निक्की परमार उर्फ योगी और धर्मेंद्र सोल्की, निवासी ग्वालियर (मध्य प्रदेश)—को दबोच लिया। दोनों आरोपियों के कब्जे से चार युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जिन्हें जबरन इस अनैतिक धंधे में धकेला गया था।
डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस का यह अभियान लगातार जारी है और अब तक कई गिरोहों के सदस्यों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस की सक्रियता से देह व्यापार में लिप्त संगठित नेटवर्क की कमर टूट रही है। आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है, जिससे इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि एक सप्ताह के भीतर मनाली में यह दूसरा देह व्यापार गिरोह पकड़ा गया है। नववर्ष और पर्यटन सीजन को देखते हुए बाहरी राज्यों से लड़कियों को लाकर इस अवैध धंधे को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने इन मंसूबों पर पानी फेर दिया। इस कार्रवाई से पर्यटन कारोबारियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की मुस्तैदी की सराहना की जा रही है।

