महमूदाबाद, सीतापुर/27/12/2025/SCBअनुज कुमार जैन
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) अवध प्रांत सत्र 2025–26 के लिए महमूदाबाद के इंजी. आदर्श अवस्थी को प्रांत सोशल मीडिया टोली का सदस्य निर्वाचित किया गया है। यह घोषणा हाल ही में संपन्न हुए प्रांत अधिवेशन के दौरान की गई। जैसे ही यह समाचार क्षेत्र में पहुंचा, कार्यकर्ताओं, छात्रों एवं शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई और बधाइयों का तांता लग गया।

आदर्श अवस्थी का शैक्षणिक और संगठनात्मक सफर प्रेरणादायी रहा है। वे वर्तमान में स्नातक अंतिम वर्ष के छात्र हैं तथा मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा प्राप्त कर चुके हैं। इसके साथ-साथ वे जूनियर इंजीनियर की तैयारी भी कर रहे हैं और परिषद द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा, अनुशासन और सक्रियता के साथ निर्वहन कर रहे हैं। उनकी कार्यशैली, विचारों की स्पष्टता और डिजिटल माध्यमों पर प्रभावी पकड़ को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अपनी नियुक्ति पर आदर्श अवस्थी ने कहा कि प्रत्येक संगठन की अपनी विशिष्ट विचारधारा और उद्देश्य होते हैं, जिनके अनुरूप उसकी कार्यदिशा तय होती है। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता के बाद युवाओं में आई पराधीनता जनित विकृतियों को दूर करने तथा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के आधार पर राष्ट्रीय पुनर्निर्माण के उद्देश्य से वर्ष 1948 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की स्थापना हुई। परिषद रचनात्मक दृष्टिकोण, शैक्षिक परिवार की भावना और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में कार्य करती है।

आदर्श अवस्थी का परिषद से जुड़ाव वर्ष 2020 से रहा है। जब वे बीटीईयूपी बोर्ड से मैकेनिकल इंजीनियरिंग डिप्लोमा के छात्र थे, तभी उन्होंने महमूदाबाद में एबीवीपी की सदस्यता ली। इसके बाद उन्होंने लगातार तीन वर्षों तक संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। इस दौरान वे SFD संयोजक, नगर SFS प्रमुख तथा नगर मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे और छात्रहित से जुड़े अनेक कार्यक्रमों का सफल संचालन किया।प्रांत स्तर की सोशल मीडिया टोली में स्थान मिलने पर महमूदाबाद सहित आसपास के क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताया। परिषद से जुड़े पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने आदर्श अवस्थी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और संगठन में और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचने की कामना की है।

