MANDI /23/12/2025/SUTER: चंडीगढ़–मनाली नेशनल हाईवे पर मंगलवार शाम एक शातिर ठगी की वारदात सामने आई, जहां थार गाड़ी में सवार तीन युवकों ने पेट्रोल पंप पर डीजल डलवाने के बाद फर्जी ऑनलाइन ट्रांजेक्शन दिखाकर फरार होने की कोशिश की। हालांकि पेट्रोल पंप कर्मचारियों की सतर्कता और पंडोह पुलिस चौकी की त्वरित कार्रवाई से एक आरोपी को दबोच लिया गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए
घटना मंडी जिला के नगवाईं स्थित एक पेट्रोल पंप की है। मंगलवार शाम करीब पौने चार बजे चंडीगढ़ की ओर से आ रही थार (नंबर HR-51-CU-6812) पेट्रोल पंप पर रुकी। गाड़ी में सवार युवकों ने 3510 रुपये का डीजल भरवाया और मोबाइल पर भुगतान होने का स्क्रीनशॉट दिखाया। कर्मचारी को जब तक ट्रांजेक्शन की हकीकत समझ आती, तब तक आरोपी तेजी से गाड़ी भगा ले गए।
शातिरों ने कुल्लू की तरफ गाड़ी दौड़ाकर पुलिस और पेट्रोल पंप स्टाफ को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर यू-टर्न लेकर दोबारा चंडीगढ़ की ओर बढ़ गए। इसी बीच पेट्रोल पंप कर्मचारी ने फर्जी ट्रांजेक्शन की पुष्टि होते ही मालिक को सूचना दी और बाइक से आरोपियों का पीछा शुरू कर दिया। औट थाना पुलिस को भी तत्काल अलर्ट कर दिया गया।
औट क्षेत्र में लगाए गए पुलिस नाके को आरोपी तोड़ते हुए आगे निकल गए। इसके बाद पंडोह पुलिस चौकी की टीम ने कैंची मोड़ के पास सख्त नाकाबंदी की। दूसरा नाका देखकर आरोपियों ने गाड़ी को दरिया की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर मोड़ दिया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि तीसरा युवक गाड़ी के पास ही रह गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस थार से वारदात को अंजाम दिया गया, उसका मालिक कोई और है और फिलहाल यूपी में बताया जा रहा है। फरार दोनों आरोपियों से पुलिस का संपर्क हो चुका है, जो बार-बार मौके पर पहुंचने की बात कह रहे हैं, लेकिन अभी तक गिरफ्त में नहीं आए हैं।
मंडी की एसपी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने इससे पहले कहीं इसी तरह की वारदात को अंजाम तो नहीं दिया।

