Reading: कैहरियां–बस अड्डा जवाली मार्ग की बदहाली पर फूटा दुकानदारों का गुस्सा, सड़क सुधार न होने पर कृषि मंत्री, पीडब्ल्यूडी व नगर परिषद के खिलाफ धरना की चेतावनी

कैहरियां–बस अड्डा जवाली मार्ग की बदहाली पर फूटा दुकानदारों का गुस्सा, सड़क सुधार न होने पर कृषि मंत्री, पीडब्ल्यूडी व नगर परिषद के खिलाफ धरना की चेतावनी

RamParkash Vats
3 Min Read

Jawali 22:12:2025, Office Reporter ,Dr N k Sharma
कैहरियां–बस अड्डा जवाली मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय दुकानदारों व मेडिकल संचालकों का गुस्सा फूट पड़ा है। सड़क की जर्जर हालत से परेशान व्यापारियों ने कृषि मंत्री चन्द्र कुमार, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और नगर परिषद जवाली के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

पूर्व पार्षद रवि कुमार, भरत अग्रवाल, रमेश शर्मा, राहुल, लहरी राम, अमित कुमार, विपिन, बीके सहित अन्य दुकानदारों ने बताया कि इस मार्ग को जानबूझकर पक्का नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे पड़े हैं, जिनमें घरों से निकलने वाला गंदा पानी भर जाता है। इससे पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि वे “नरक जैसी जिंदगी” जीने को मजबूर हैं।

दुकानदारों ने बताया कि मजबूरी में उन्होंने खुद ही गड्ढों को मिट्टी और पत्थरों से भरने का प्रयास किया, लेकिन यह अस्थायी समाधान है। बारिश या वाहनों की आवाजाही के कारण गड्ढों में भरा गंदा पानी उछलकर दुकानों के भीतर घुस जाता है, जिससे दुकानें गंदी हो जाती हैं और सामान खराब होने का खतरा बना रहता है। राहगीरों पर भी गंदे पानी के छींटे पड़ते हैं, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।

स्थानीय व्यापारियों ने यह भी चिंता जताई कि यह मार्ग अस्पताल से मात्र 50 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद सफाई और सड़क सुधार को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। दुकानदारों का आरोप है कि इसी मार्ग से कृषि मंत्री चन्द्र कुमार और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी रोजाना गुजरते हैं, लेकिन सड़क की बदहाली पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।

दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर इस मार्ग को दुरुस्त नहीं किया गया तो वे धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग का पक्ष
इस मामले में लोक निर्माण विभाग जवाली के अधिशाषी अभियंता एमएल शर्मा ने कहा कि कैहरियां–बस अड्डा जवाली मार्ग की स्थिति सुधारने के लिए विभाग द्वारा जल्द ही आवश्यक कार्य किया जाएगा और सड़क की हालत को ठीक किया जाएगा।

रवि कुमार, पूर्व पार्षद, नपं जवाली:
“इस सड़क की हालत बेहद खराब है। गड्ढों और गंदे पानी से दुकानदारों और आम जनता को भारी परेशानी हो रही है। अगर समय रहते काम नहीं हुआ तो हम आंदोलन करेंगे।”

भरत अग्रवाल, दुकानदार:
“गड्ढों में भरा गंदा पानी उछलकर हमारी दुकानों में घुस जाता है। बदबू और गंदगी से व्यापार करना मुश्किल हो गया है। प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।”

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!