Mandi:18;12;2025/Reporter
मंडी रोजगार की तलाश कर रहे आईटीआई पास युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मंडी में आगामी 22 दिसंबर को कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें करीब 200 युवाओं को नौकरी का अवसर मिलेगा। यह चयन प्रक्रिया स्वराज इंजीनियरिंग लिमिटेड (एसएएस नगर, मोहाली) द्वारा आयोजित की जा रही है।
आईटीआई मंडी के प्लेसमेंट अधिकारी प्रवीण धीमान ने बताया कि कंपनी अप्रेंटिसशिप ट्रेनी (फ्रेशर) के रूप में 200 पदों को भरेगी। चयनित उम्मीदवारों को मोहाली के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-09 में कार्य करने का अवसर मिलेगा। अप्रेंटिसशिप की अवधि साढ़े तीन वर्ष निर्धारित की गई है।
कैंपस इंटरव्यू में टर्नर, मशीनिस्ट, एमएमवी, फिटर, मैकेनिक डीजल, मैकेनिक ट्रैक्टर और टूल एंड डाई मेकर ट्रेडों से आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। चयनित युवाओं को 15,150 रुपये मासिक मानदेय (ईएसआई व पीएफ कटौती सहित) प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही कंपनी की ओर से तीन समय का भोजन व चाय, सुरक्षा जूते, यूनिफॉर्म, सर्दियों के लिए स्टिचिंग अलाऊंस तथा ओएचसी के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थियों को 22 दिसंबर की सुबह राजकीय आईटीआई मंडी परिसर में उपस्थित होना होगा। उम्मीदवार अपने साथ सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों व मार्कशीट की फोटोकॉपी, चार पासपोर्ट साइज फोटो तथा कोविड-19 वैक्सीनेशन (दोनों डोज) का प्रमाणपत्र अनिवार्य रूप से लेकर आएं।

