नूरपुर–इंदौरा में ट्रेनी पदों पर भर्ती, 23–24 मार्च को साक्षात्कार
नूरपुर, 18 मार्च 2026, विजय समयाल:जिला कांगड़ा के युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। उप रोजगार कार्यालय नूरपुर के माध्यम से मेटेनरे लिमिटेड, डमटाल (इंदौरा) द्वारा ट्रेनी के 20 पदों (केवल पुरुष अभ्यर्थियों हेतु) पर भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जा रही है।
जारी अधिसूचना के अनुसार, इन पदों के लिए साक्षात्कार 23 मार्च 2026 को उप रोजगार कार्यालय नूरपुर तथा 24 मार्च 2026 को उप रोजगार कार्यालय इंदौरा में आयोजित होंगे। दोनों स्थानों पर साक्षात्कार प्रक्रिया प्रातः 10:00 बजे से प्रारंभ होगी।
योग्यता एवं आयु सीमा
इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आईटीआई (फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन ट्रेड) अथवा संबंधित विषय में डिप्लोमा निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 30 वर्ष तय की गई है।
वेतन एवं सुविधाएं
चयनित उम्मीदवारों को कंपनी द्वारा ₹13,000 से ₹15,000 प्रतिमाह वेतन प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त नियमानुसार अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
आवश्यक दस्तावेज
इच्छुक अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में सम्मिलित होते समय निम्नलिखित दस्तावेज साथ लाने होंगे—
दो पासपोर्ट साइज फोटो
हिमाचली प्रमाण पत्र
मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र
बायोडाटा (रिज़्यूमे)
अनुभव प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो)
महत्वपूर्ण निर्देश
उप रोजगार कार्यालय नूरपुर के प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि साक्षात्कार में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता (TA) या अन्य देय राशि प्रदान नहीं की जाएगी।
नोट: इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर समय से उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
रोजगार समाचार
Leave a comment
Leave a comment

