Reading: जन संकल्प सम्मेलन में रजनी पाटिल का सियासी संदेश: कांग्रेस में एकजुटता से सत्ता वापसी का दावा, रिपोर्ट कार्ड के साथ सरकार की उपलब्धियों और केंद्र की उपेक्षा पर तीखा प्रहार

जन संकल्प सम्मेलन में रजनी पाटिल का सियासी संदेश: कांग्रेस में एकजुटता से सत्ता वापसी का दावा, रिपोर्ट कार्ड के साथ सरकार की उपलब्धियों और केंद्र की उपेक्षा पर तीखा प्रहार

RamParkash Vats
2 Min Read

मंडी ,11 दिसम्बर 2025 राज्य चीफ़ ब्यूरो विजय समयाल:मंडी में आयोजित जन संकल्प सम्मेलन के दौरान कांग्रेस की प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने पार्टी संगठन को स्पष्ट संदेश दिया कि आगामी चुनावों में सफलता तभी संभव है जब पूरा नेतृत्व एकजुट होकर काम करे। उन्होंने मंच पर मौजूद नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस को सत्ता में लौटाने का रास्ता संगठनात्मक एकता और जमीनी स्तर पर मजबूत तालमेल से ही निकलेगा। पाटिल ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस को कमजोर बताने वाली आवाज़ों को हिमाचल की जीत ने करारा जवाब दिया है।

रजनी पाटिल ने कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने पर जारी किए गए रिपोर्ट कार्ड का हवाला देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने अपनी 10 में से 6 गारंटियां पूरी कर दी हैं, जबकि शेष गारंटियों को पूरा करने का आश्वासन खुद प्रियंका गांधी ने दिया है। उन्होंने विशेष रूप से चिट्टा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का जिक्र किया और कहा कि इसकी देशभर में सराहना हो रही है। पाटिल ने ऐलान किया कि प्रदेश की सभी बहनों को 1500 रुपये मिलने शुरू होते ही वे प्रियंका वाड्रा के साथ हिमाचल आएंगी।

गांधी परिवार और हिमाचल के ऐतिहासिक संबंधों को याद दिलाते हुए पाटिल ने कहा कि इंदिरा गांधी ने राज्य को विशेष पहचान दी थी और यह परिवार हमेशा प्रदेश के साथ खड़ा रहा है। उन्होंने हालिया आपदाओं के दौरान राज्य सरकार के कार्यों की प्रशंसा करते हुए केंद्र सरकार पर अपेक्षित सहयोग न देने का आरोप लगाया। पाटिल का कहना था कि सीमित संसाधनों और सहयोग की कमी के बावजूद हिमाचल सरकार ने राहत और पुनर्वास कार्यों में बेहतर प्रदर्शन किया है, जिसे जनता महसूस कर रही है।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!