शिमला, 27/11/2025 ब्यूरो चीफ विजय समयाल

File Photo
शिमला, 27/11/2025 ब्यूरो चीफ विजय समयाल: हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में सेना के जवान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा पुराना मटौर के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार में आ रही स्पोर्ट्स बाइक की टक्कर कांगड़ा से गगल की ओर जा रही एक निजी बस से हो गई।मृतक की पहचान सन्नी कुमार (28) पुत्र चैन सिंह, निवासी गांव व डाकघर भाली, तहसील शाहपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि जवान ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया
बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, सात यात्री घायल:टक्कर के बाद बाइक सवार तो दूर जा गिरा ही, उधर बस भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। इस दौरान बस में सवार सात यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है।घटना की सूचना मिलते ही कांगड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाइक अत्यधिक तेज रफ्तार में थी, जिसके चलते चालक मोड़ पर संतुलन नहीं बना पाया और सामने से आ रही बस से जा भिड़ा।
हादसे के बाद बिखरे कलपुर्जे, टायर अलग होकर दूर जा गिरा: प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि बाइक के टायर तक अलग होकर दूर जा गिरे। सड़क पर जगह-जगह बाइक के कलपुर्जे बिखरे पड़े थे। टक्कर के बाद जवान और बाइक दोनों काफी दूरी तक फिसलते चले गए।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की गहन जांच की जा रही है।

